OTHERS

महिलाएं बनें आत्मनिर्भर, तभी सशक्त होगा समाज : डॉ. स्मिता शर्मा

“माई” के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार पर भव्य बैठक, गांव-गांव तक जागरूकता फैलाने का संकल्प

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
महिला अधिकार इकाई (माई) के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली, जहां महिलाओं के अधिकार, सामाजिक नेतृत्व और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में “आजीविका – एक अथक प्रयास” की फाउंडर एवं हम (से०) की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. स्मिता शर्मा उपस्थित रहीं। बैठक की अध्यक्षता माई की राष्ट्रीय संयोजिका प्रियंका शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन कोषाध्यक्ष सह व्यवसायिक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्षा अनन्या उपाध्याय ने प्रभावशाली अंदाज में किया। अपने संबोधन में डॉ. स्मिता शर्मा ने कहा कि आज की महिलाएं केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला आंदोलन है। उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे उद्योग, हस्तशिल्प, डिजिटल व्यवसाय एवं आत्मनिर्भर योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम होंगी, तभी परिवार और समाज वास्तविक रूप से सशक्त बन पाएगा।

 

डॉ. शर्मा ने “माई” संगठन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की संस्थाएं गांव-गांव तक पहुंचकर महिलाओं को जागरूक करने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल आने वाले समय में बड़े सामाजिक परिवर्तन का आधार बनेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मीरा सिंह ने कहा कि “माई” संगठन लगातार ग्राम स्तर तक अपनी मजबूत पकड़ बना रहा है और महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से जागरूक करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हर महिला को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनाना है।

बैठक के दौरान महिलाओं ने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। कार्यक्रम में रविता सिंह, सुमन दुबे, ऋतू सिंह, शाक्षी उपाध्याय, किरण प्रजापति, माधुरी देवी, विभा पाण्डेय, काजल सहित कई अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन महिला एकजुटता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि आने वाले दिनों में “माई” संगठन द्वारा महिला हितों से जुड़े और भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button