OTHERS

उमाशंकर पांडेय बने जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियन, 505 किलोग्राम वजन उठाकर रचा इतिहास

राजपुर प्रखंड के भरखरा गांव के खिलाड़ी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों को पछाड़ा, अब 6 से 9 अगस्त तक पटना में होने वाली राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में करेंगे बक्सर का प्रतिनिधित्व

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत बन्नी पंचायत के भरखरा गांव निवासी युवा खिलाड़ी उमाशंकर पांडेय ने जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। जिला मुख्यालय स्थित कलाभवन परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में उमाशंकर ने अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

 

जिले भर से आए 100 से अधिक खिलाड़ियों के बीच आयोजित इस कड़े मुकाबले में कुल नौ दौर तक प्रतियोगिता चली। शुरुआत से ही उमाशंकर पांडेय ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखी और अंततः कुल 505 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें जिला पावरलिफ्टिंग चैंपियन बना दिया। इस उपलब्धि के साथ ही उमाशंकर पांडेय का चयन राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। वे आगामी 6 से 9 अगस्त तक पटना में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। अब जिलेवासियों की निगाहें इस प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां उनसे स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है। जिला चैंपियन बनने की खबर जैसे ही भरखरा गांव और राजपुर क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और युवाओं ने उनकी सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए मिठाइयां बांटी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

उमाशंकर पांडेय की इस उपलब्धि पर बीडीओ मनोज कुमार, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, मुखिया अनिल सिंह, शिक्षिका उषा मिश्रा, शिक्षक धनंजय मिश्रा, ब्रजेश राय, मिथिलेश ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि उमाशंकर ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पटना में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उमाशंकर स्वर्ण पदक जीतकर न केवल राजपुर और बक्सर, बल्कि पूरे बिहार में जिले का नाम रोशन करेंगे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button