बक्सर में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, चेतावनी बिंदु से अभी 2.42 मीटर नीचे
6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी, मंगलवार दोपहर 1 बजे 56.90 मीटर पहुंचा जलस्तर; निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार तेजी से वृद्धि हो रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा किनारे बसे निचले इलाकों और प्रखंडों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बाढ़ नियंत्रण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दोपहर एक बजे तक गंगा का जलस्तर करीब 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था। दोपहर एक बजे गंगा का जलस्तर 56.90 मीटर तक पहुंच गया था। जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले घंटों में निचले इलाकों पर पानी का दबाव और बढ़ सकता है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बक्सर में गंगा का चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर निर्धारित है, जबकि खतरा निशान 60.32 मीटर है। मंगलवार दोपहर तक गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब 2 मीटर 42 सेंटीमीटर नीचे था। हालांकि, जिस गति से जलस्तर में वृद्धि हो रही है, उसे देखते हुए प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की निगरानी बढ़ गई है।
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी से नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे है, लेकिन लगातार 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की वृद्धि को देखते हुए आने वाले समय में स्थिति पर विशेष निगरानी जरूरी है। यदि जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार बनी रहती है तो गंगा किनारे के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा और गंभीर हो सकता है। प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।





