जिला कृषि विभाग के पास नहीं पहुंचा सरकारी धान का बीज, किसानों की बढ़ी चिंता
धान की नर्सरी डालने के लिए बाजार से किसानों को खरीदना पड़ रहा है बीज


न्यूज विजन। बक्सर
धान का बिचड़ा तैयार करने के लिए बीज बुआई का समय धीरे-धीरे निकलता जा रहा है। लेकिन कृषि विभाग के पास अब तक धान बीज अप्राप्त होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसान रोज कृषि कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन कृषि कर्मी सिर्फ बीज आने का इंतजार करने का आश्वासन दे रहे हैं। बाजार में धान बीज सरकारी दर की तुलना में काफी महंगा बिक रहा है। इससे छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
गोविंदपुर के संजय राय, इटाढ़ी प्रखंड के कमलेश सिंह, करेंसी के मुन्ना चौबे आदि किसानों ने बताया कि समय पर बीज नहीं मिलने से खेती की पूरी तैयारी प्रभावित हो रही है और बिचड़ा डालने का समय निकलता जा रहा है । उन्होंने कहा कि हर साल सरकार अनुदानित दर पर धान बीज उपलब्ध कराती है, जिससे किसानों को राहत मिलती है। लेकिन इस बार समय पर बीज नहीं मिलने से खेती की लागत बढ़ गई है। किसानों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर तैयारी समय से नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी है। किसानों ने कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में बीज उपलब्ध नहीं हुआ तो धान उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
जिला कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार नर्सरी डालने के लिए 405.66 क्विंटल धान बीज वितरण करने का लक्ष्य है। इसमें डिमोस्ट्रेशन (प्रदर्शन) हाईब्रिड धान बीज 7.5 क्विंटल, बीज वितरण कार्यक्रम के तहत हाईब्रिड धान बीज 216 क्विंटल और डिमोस्ट्रेशन डीआरएस मेथड के तहत 182.16 क्विंटल बीज वितरण करने का लक्ष्य प्राप्त है, जबकि अब तक जिले में एक छटाक बीज उपलब्ध नहीं हो सका है।
कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञ डॉ रामकेवल ने बताया कि धान की नर्सरी डालने के लिए उपयुक्त समय 15 जून होता है। बिचड़ा डालने में विलंब होने की स्थिति में फसल में रोग और कीट लगने की आशंका बढ़ जाती है साथ ही उत्पादन प्रभावित होने का भी डर बना रहता है। जिला कृषि पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि कृषि विभाग की ओर से जिला को धान बीज प्राप्त नहीं हो सका है, बीज आते ही किसानों के बीच वितरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा ।





