नियाज़ीपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब, समाधि बाबा के 30वें वार्षिक उत्सव पर 24 घंटे अखंड हरी कीर्तन
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ पूरा इलाका, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग—समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के नियाज़ीपुर बाजार स्थित ब्रह्मलीन महर्षि करुणा निधान, जिन्हें श्रद्धालु “समाधि बाबा” के नाम से जानते हैं, के मंदिर परिसर में उनके 30वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर भव्य अखंड हरी कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज के गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे श्रद्धा भाव के साथ हरी नाम संकीर्तन में हिस्सा लिया। लगातार 24 घंटे तक चले इस अखंड कीर्तन में भजन-कीर्तन की मधुर धुनों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। हर ओर “हरी नाम” की गूंज सुनाई दे रही थी, जिससे श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। मंदिर परिसर को विशेष रूप से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी और फूल-मालाओं से सजे मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही थी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे किसी को कोई असुविधा न हो।
अखंड हरी कीर्तन के समापन के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह धार्मिक परंपरा पिछले 30 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है और हर वर्ष नियाज़ीपुर, अर्जुनपुर और दूल्हपुर के श्रद्धालुओं के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि “समाधि बाबा” की कृपा और आशीर्वाद से यह आयोजन हर साल और अधिक भव्य रूप लेता जा रहा है। यह धार्मिक कार्यक्रम न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र में शांति, सद्भाव और भाईचारे का भी संदेश देता है।





