नहर से मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
डुमरांव नहर लाइन मार्ग पर कुलमनपुर गांव के समीप मिला 3–4 दिन पुराना शव, चेहरे की पहचान मिटाने की कोशिश; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरांव नहर लाइन मार्ग पर कुलमनपुर गांव के समीप मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने नहर में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी तत्काल बासुदेवा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष विकास चंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शव पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और कई दिनों तक पानी में पड़े रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस का अनुमान है कि शव लगभग तीन से चार दिन पुराना है।
जांच अधिकारियों का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नहर में फेंक दिया गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। थानाध्यक्ष विकास चंद्र ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी गई है। इसके साथ ही विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई है।
फिलहाल इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाने में लगी हुई है, ताकि मृतक की पहचान और हत्या के कारणों का जल्द पता लगाया जा सके।





