CRIME

खादी मेला में गए भाजपा नेता सह अधिवक्ता की पल्सर बाइक चोरी, गेट पर खड़ी कर परिवार संग खरीदारी करने गए थे

किला मैदान में चोरी की घटना से मची अफरा-तफरी, अश्विनी कुमार वर्मा ने नगर थाने में दिया आवेदन; मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर उठाए सवाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
किला मैदान बक्सर में इन दिनों लगे खादी मेला में शुक्रवार की शाम बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। चौसा निवासी भाजपा नेता सह अधिवक्ता अश्विनी कुमार वर्मा अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ मेला में खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मेला के गेट के समीप खड़ी उनकी पल्सर बाइक चोरी कर ली।

 

जानकारी के अनुसार, अश्विनी कुमार वर्मा शुक्रवार, 11 सितंबर की शाम करीब 7 बजे अपनी पल्सर मोटरसाइकिल संख्या बी 44 L1023 से परिवार के साथ किला मैदान पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक मेला के गेट के पास खड़ी की और पत्नी एवं पुत्री के साथ खरीदारी करने के लिए मेला परिसर के अंदर चले गए। कुछ समय बाद जब वे खरीदारी कर वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली। बाइक गायब देखकर उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की। इसके बाद उन्होंने तत्काल खड़ी मेला के संचालक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मेला परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी हलचल मच गई और कई लोगों ने मिलकर आसपास बाइक की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। अश्विनी कुमार वर्मा ने आशंका जताई कि अज्ञात चोरों द्वारा बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लिया गया है। घटना के बाद उन्होंने नगर थाना बक्सर में आवेदन देकर बाइक की बरामदगी तथा मामले की जांच की मांग की है।

 

मेला परिसर में सीसीटीवी नहीं होने पर उठे सवाल

बाइक चोरी की घटना के बाद अधिवक्ता अश्विनी कुमार वर्मा ने किला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि इतने बड़े मैदान में मेला आयोजित होने के बावजूद एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाया गया है। ऐसे में चोरी या अन्य किसी आपराधिक घटना के बाद संदिग्धों की पहचान और घटना की जांच करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि किला मैदान में नगर परिषद की ओर से पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली चोरी अथवा अन्य घटनाओं की निगरानी की जा सके और जरूरत पड़ने पर फुटेज के आधार पर पुलिस को जांच में सहायता मिल सके। घटना के बाद मेला में आने वाले लोगों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच और चोरी गई बाइक की बरामदगी की उम्मीद है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button