कृषि सखियों के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी प्राकृतिक खेती की तकनीक, बक्सर में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
ब्रह्मपुर, नावानगर, डुमरांव व राजपुर की 8 कृषि सखियां ले रहीं प्रशिक्षण, किसानों को जागरूक कर मृदा स्वास्थ्य सुधारने पर जोर

न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों के बीच आधुनिक तकनीकी जानकारी का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में जिले के ब्रह्मपुर, नावानगर, डुमरांव तथा राजपुर प्रखंड की कुल आठ कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती के महत्व, सिद्धांतों एवं तकनीकों का कौशल उन्नयन कराया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य कृषि सखियों के माध्यम से गांव-गांव किसानों तक प्राकृतिक खेती की उपयोगी तकनीकों को पहुंचाना, उन्हें रासायनिक खेती के विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा मृदा स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. द्विवेदी, पूर्व प्रमुख कृषि विज्ञान केन्द्र आरा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केन्द्र बक्सर, विशेषज्ञ एवं पाठ्यक्रम समन्वयक श्री हरिगोबिन्द तथा प्रतिभागी कृषि सखियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतिभागियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. देवकरन ने प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय मिशन में कृषि सखियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले घनजीवामृत एवं बीजामृत की उपयोगिता तथा इन्हें तैयार करने की विधि के बारे में भी तकनीकी जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. द्विवेदी ने प्राकृतिक खेती का परिचय, इसकी वर्तमान चुनौतियों, आवश्यकता और इसमें किसानों की सहभागिता पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य प्रशिक्षक श्री हरिगोबिन्द ने प्राकृतिक खेती के सिद्धांत, अवधारणा एवं प्रमुख घटकों की विस्तृत तकनीकी जानकारी प्रतिभागियों को दी।
कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजन शुक्ला ने समन्वय की भूमिका निभाते हुए जिले में संचालित प्राकृतिक खेती एवं क्लस्टर प्रदर्शनों के अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण में नेहा कुमारी, माया कुमारी, रिंकु कुमारी, किरण देवी, अनिसा कुमारी, कंचन कुमारी, पूनम देवी एवं कंचन देवी सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के श्री आरीफ प्रवेज, रवि चटर्जी, राकेश मणि, राजेश कुमार राय, सरफराज अहमद खान, मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे और प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग दिया।




