OTHERS

अग्निशमन विभाग का सुरक्षा अभियान तेज : अस्पतालों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में मॉक ड्रिल, लोगों को सिखाए गए आग से बचाव के तरीके

डायल 101 और 112 की दी गई जानकारी, पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार अग्निशमन सेवा के तत्वावधान में शुक्रवार को बक्सर जिले में व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सब ऑफिसर भानु प्रताप एवं अन्य कर्मियों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण, मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

सदर अस्पताल में हुआ वृहद मॉक ड्रिल
अग्निशमन विभाग की टीम ने सदर अस्पताल बक्सर में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों, मरीजों के परिजनों एवं आम लोगों को आग लगने की स्थिति में तुरंत सतर्कता बरतने, सुरक्षित बाहर निकलने तथा प्राथमिक बचाव उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।

 

स्वास्थ्य केंद्रों और विद्यालयों में दिया गया प्रशिक्षण
अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सर में पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को बताया गया कि आग लगने की शुरुआती अवस्था में किस प्रकार अग्निशमन यंत्र का सही उपयोग कर बड़ी दुर्घटना को टाला जा सकता है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटाढ़ी, प्राथमिक विद्यालय सेतु राजपुर, प्राथमिक विद्यालय शाहबाजपुर तथा मध्य विद्यालय बनारपुर में भी मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को आग से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए।

अग्निशमन विभाग द्वारा जिले के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा से संबंधित बैनर एवं होर्डिंग लगाए गए। साथ ही लोगों के बीच पंपलेट वितरित कर आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान लोगों को आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए डायल 101 और 112 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि आग लगने की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है और विभाग लगातार लोगों को सतर्क करने का कार्य कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button