OTHERS

केके मंडल महिला महाविद्यालय के पूर्व पुस्तकालय अध्यक्ष रामरण विजय सिंह का निधन, महाविद्यालय परिवार ने जताया शोक

महाविद्यालय के प्रारंभिक दौर से पुस्तकालय अध्यक्ष के पद पर थे कार्यरत, प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई शोकसभा, दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
शहर के नया बाजार स्थित डॉक्टर केके मंडल महिला महाविद्यालय के पूर्व पुस्तकालय अध्यक्ष रामरण विजय सिंह के आकस्मिक निधन से महाविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गहरी संवेदना व्यक्त की गई। दिवंगत रामरण विजय सिंह ग्राम दमदमा, थाना कुढ़नी, जिला कैमूर के निवासी थे। वे महाविद्यालय की स्थापना के शुरुआती दौर से ही पुस्तकालय अध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।

 

महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि रामरण विजय सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान अत्यंत निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। लंबे समय तक महाविद्यालय की सेवा करने के बाद वे सेवानिवृत्त हो चुके थे। इसी बीच 28 नवंबर को उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन को महाविद्यालय परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है। दिवंगत आत्मा की शांति एवं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से महाविद्यालय के सभागार में शोकसभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार ने की। शोकसभा में उपस्थित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मियों एवं छात्राओं ने उनके चित्र के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें याद किया। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

इस दौरान शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें। वक्ताओं ने कहा कि रामरण विजय सिंह ने अपने सेवाकाल में जिस निष्ठा और समर्पण के साथ महाविद्यालय के विकास एवं व्यवस्था में योगदान दिया, उसे हमेशा याद किया जाएगा। शोकसभा में प्रोफेसर रामाधार सिंह, प्रोफेसर परमहंस सिंह, धीरेंद्र कुमार, सूर्य नारायण सिंह, इंद्रमणि लाल, गुरु दयाल सिंह, प्रशांत कुमार, रामनाथ सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, रंजीत सिंह, मनोज कुमार, जगनारायण सिंह, रविशंकर सिंह सहित महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button