OTHERS

एनएच-319 पर तेज रफ्तार कार ने वृद्ध को कुचला, घटनास्थल पर मौत

टीकपोखर गांव के समीप हादसा, खेत से धान का बोझा देखने लौट रहे थे श्रीभगवान पासवान; परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकपोखर गांव के समीप एनएच-319 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान टीकपोखर गांव निवासी 65 वर्षीय श्रीराम भगवान उर्फ श्रीभगवान पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।

 

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, श्रीराम भगवान पासवान शुक्रवार को अपने खेत में धान का बोझा देखने गए थे। खेत से वापस घर लौटने के दौरान उन्हें एनएच-319 पार करना था। इसी बीच सड़क पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। हादसे की सूचना तत्काल सोनवर्षा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी।

 

वहीं, दुर्घटना में शामिल कार की पहचान करने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर दुख और आक्रोश का माहौल है। इस संबंध में सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button