Uncategorized

अवैध संबंध उजागर होने के डर से सुनीता की गला दबाकर हत्या, देवरानी गिरफ्तार, प्रेमी फरार

मणियां गांव में हत्याकांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, हत्या को करंट लगने से मौत बताकर गुमराह करने की रची गई थी साजिश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव में अवैध संबंध उजागर होने के डर से एक महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार देर शाम हुई इस वारदात में पुलिस ने जांच के बाद हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए मृतका की देवरानी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी उपेंद्र सिंह फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

 

मृतका की पहचान मणियां गांव निवासी पप्पू सिंह की 30 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका की देवरानी सीमा देवी का अपने पड़ोसी उपेंद्र सिंह के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी सुनीता देवी को हो गई थी। इस बात के उजागर होने और राज खुलने के डर से दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर सुनीता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपियों ने हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। बताया जाता है कि पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से कमरे में लगे बिजली के तार को तोड़कर बेड तक पहुंचाया गया और सुनीता की मौत करंट लगने से होने का शोर मचाया गया, ताकि हत्या को हादसा बताया जा सके। हालांकि, मृतका के गले पर मिले निशान और पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले की सच्चाई उजागर कर दी।

 

जांच के बाद पुलिस ने मृतका की देवरानी सीमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी उपेंद्र सिंह फरार है। डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन ने हत्याकांड के उद्भेदन और एक महिला आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के खुलासे के बाद गांव में वारदात को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button