OTHERS

भदौरा-गहमर के बीच चलती ट्रेन का इंजन बोगियों से हुआ अलग, डाउन लाइन पर थमा रेल परिचालन

देवकली गांव के पास आनंद विहार-पटना फेयर स्पेशल ट्रेन की कपलिंग खुलने से मचा हड़कंप, करीब 33 मिनट बाद ट्रेन रवाना; कई एक्सप्रेस ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रुकी रहीं

न्यूज़ विज़न।  बक्सर/ दिलदारनगर 
दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर गुरुवार की शाम भदौरा और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच एक बड़ी रेल परिचालन घटना सामने आई। आनंद विहार से पटना जा रही 03294 डाउन आनंद विहार-पटना फेयर स्पेशल ट्रेन का इंजन देवकली गांव के पास अचानक बोगियों से अलग हो गया। घटना के बाद ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। हालांकि रेलवे कर्मियों की तत्परता से इंजन को दोबारा बोगियों से जोड़कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।

 

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 3:52 बजे आनंद विहार से पटना जा रही रन थ्रू फेयर स्पेशल ट्रेन जैसे ही भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पार कर देवकली गांव के समीप आगे बढ़ी, उसी दौरान इंजन की कपलिंग खुल गई। इससे इंजन आगे निकल गया, जबकि ट्रेन की बोगियां पीछे रह गईं। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। घटना के तुरंत बाद ट्रेन के पायलट ने इसकी सूचना भदौरा स्टेशन को दी। स्टेशन से मामले की जानकारी दानापुर रेल मंडल के कंट्रोल रूम तक पहुंचाई गई। सूचना मिलते ही रेल नियंत्रण कक्ष में हलचल मच गई और परिचालन बहाल करने के लिए प्रयास शुरू किए गए।

 

ट्रेन के पायलट, गार्ड तथा भदौरा स्टेशन के रेल कर्मचारियों ने समन्वय बनाकर इंजन को पीछे की ओर पुश किया और बोगियों से दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शाम 4:25 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन के रवाना होने के बाद डाउन लाइन पर धीरे-धीरे अन्य ट्रेनों का परिचालन भी सामान्य होने लगा।

इस घटना के चलते कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। 12791 सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस शाम 3:55 बजे से 4:55 बजे तक स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं, एक स्पेशल ट्रेन डाउन लूप में शाम 3:53 बजे से 4:47 बजे तक रुकी रही। दरौली स्टेशन पर 22554 रक्सौल अंत्योदय एक्सप्रेस तथा जमानियां स्टेशन पर 13240 मथुरा-पटना एक्सप्रेस भी रुकी रही। इनके पीछे चल रही अन्य ट्रेनों पर भी परिचालन का असर पड़ा।

यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि भदौरा स्टेशन के आगे देवकली गांव के पास आनंद विहार फेयर स्पेशल ट्रेन के बोगियों से इंजन अलग होने के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि ट्रेन को दोबारा जोड़कर रवाना कर दिया गया। इंजन की कपलिंग खुलने के कारणों की स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button