OTHERS

बक्सर में जाम का झाम बना आम लोगों के लिए नासूर, डेढ़ घंटे तक सड़कों पर थमी रही रफ्तार

पीपी रोड, ठठेरी बाजार, मुनीम चौक, रामरेखा घाट रोड और यमुना चौक समेत कई प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम, स्कूल बसें भी फंसी रहीं; ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
शहर में यातायात व्यवस्था की बदहाली और आए दिन लगने वाला भीषण जाम अब आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का सबब बनता जा रहा है। शहर का शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब लोगों को जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ता हो। मुख्य सड़कों से लेकर व्यस्त चौक-चौराहों तक वाहनों की लंबी कतारें लगना अब आम बात हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के दावों के बावजूद धरातल पर स्थिति में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। इसका सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या, कारोबार और आवागमन पर पड़ रहा है।

 

बुधवार को भी शहर में यातायात व्यवस्था की बदहाली का नजारा देखने को मिला। दोपहर करीब एक बजे से लेकर सवा दो बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान पीपी रोड, ठठेरी बाजार रोड, व्यस्त मुनीम चौक, रामरेखा घाट रोड, यमुना चौक और बाइपास रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन फंसे रहे। वाहनों की लंबी कतारों के कारण लोगों को आगे बढ़ने का रास्ता तक नहीं मिल पा रहा था। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि स्कूल बसें भी जाम में फंसकर रह गईं।

 

सड़कों पर चारों तरफ वाहनों की भीड़ और लगातार बजते हॉर्न के बीच राहगीरों, दुकानदारों, वाहन चालकों और जरूरी काम से निकले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निर्धारित समय से काफी अधिक समय तक जाम में फंसे रहे। वहीं, बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कत हुई।

ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के बावजूद नहीं सुधर रही व्यवस्था

सबसे अधिक हैरानी की बात यह है कि शहर के यातायात को नियंत्रित करने और जाम की समस्या से निपटने के लिए विभिन्न व्यस्त चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके बावजूद जब शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, तो यातायात व्यवस्था को संभालने में पुलिसकर्मियों की सक्रियता प्रभावी नजर नहीं आती। जाम में फंसे लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहनों की आवाजाही सुचारू नहीं हो पाती है। यातायात नियंत्रण के प्रयास भी जाम के आगे नाकाफी साबित होते हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराए जाने और चौक-चौराहों पर प्रभावी निगरानी के अभाव में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों का मानना है कि यदि तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी और सक्रियता के साथ करें, तो शहर की यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा जा सकता है।

जाम से व्यापार भी प्रभावित, दुकानदारों में नाराजगी

शहर में बार-बार लगने वाले जाम से केवल आम राहगीर ही परेशान नहीं हैं, बल्कि इसका प्रतिकूल असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है। जाम के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से कतराते हैं। वहीं, बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित होने से दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

इस समस्या से त्रस्त स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने प्रशासन तथा ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय निवासी बब्लू सिंह, रविंद्र सिंह और राजेश कुमार ने कहा कि शहर में जाम की समस्या अब असहनीय होती जा रही है। आए दिन लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती का उद्देश्य यातायात को सुचारू बनाना है, लेकिन जब जाम लगता है तो व्यवस्था संभालने में अपेक्षित तत्परता दिखाई नहीं देती।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही, चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय हो और जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

स्थायी समाधान की दरकार

स्थानीय लोगों का कहना है कि बक्सर जैसे तेजी से बढ़ते शहर में यातायात व्यवस्था को केवल पुलिस बल की तैनाती तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसके लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क किनारे अनियंत्रित वाहन पार्किंग पर रोक, अतिक्रमण नियंत्रण और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी की आवश्यकता है।

अब सवाल यह है कि आखिर कब तक बक्सर के लोग रोजाना जाम की समस्या से जूझते रहेंगे? क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल करेगा या फिर शहर की सड़कों पर जाम का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा?

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button