डिलीवरी के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी, घर जाने के दौरान बिगड़ी महिला की तबीयत, हुयी मौत; परिजनों ने किया हंगामा
बाईपास रोड स्थित ताराचंडी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, आक्रोशित परिजनों ने की तोड़फोड़ और शव के साथ सड़क जाम; पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित ताराचंडी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और बाद में महिला के शव के साथ सड़क जाम कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के नरही थाना क्षेत्र अंतर्गत नसीरपुर मठ निवासी ओम प्रकाश यादव की पत्नी नीतू देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ताराचंडी अस्पताल में नीतू देवी का प्रसव कराया गया था। परिजनों का कहना है कि डिलीवरी के बाद अस्पताल की ओर से महिला और नवजात बच्चे दोनों की स्थिति सामान्य और स्वस्थ बताई गई थी। इसके बाद शाम करीब पांच बजे अस्पताल प्रबंधन ने महिला को छुट्टी दे दी। परिजन नवजात बच्चे और महिला को लेकर अस्पताल से घर के लिए निकले ही थे कि कुछ दूरी आगे बढ़ने पर नीतू देवी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें पेट में तेज दर्द होने लगा। स्थिति गंभीर होते देख परिजन तत्काल उन्हें लेकर वापस अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि वहां चिकित्सक ने महिला को देखने के बाद सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दे दी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में नीतू देवी को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। वे वापस ताराचंडी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा तथा तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। मृतका के भतीजे अजीत यादव ने बताया कि गांव की आशा कार्यकर्ता के माध्यम से नीतू देवी को अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में चिकित्सक ने ऑपरेशन से प्रसव कराने की बात कही थी। इस पर परिजनों ने स्पष्ट कहा था कि यदि ऑपरेशन करना है तो वे महिला को सदर अस्पताल ले जाएंगे। आरोप है कि इसके बाद चिकित्सक ने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सामान्य प्रसव हो जाएगा। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की कथित लापरवाही के कारण नीतू देवी की जान चली गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास किया और कहा कि पूरे मामले में लिखित आवेदन दिया जाए, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, गुमटी पोस्ट प्रभारी गुड्डू कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। फिलहाल परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। घटना ने निजी अस्पतालों में प्रसव के दौरान चिकित्सकीय व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




