अमेरिका के न्यू जर्सी में गूंजे छठी मईया के गीत, बक्सर के अभिषेक मिश्रा ने परिवार संग मनाया छठ महापर्व
सात समंदर पार भी नहीं भूले अपनी मिट्टी और संस्कृति की खुशबू, अमेरिका की धरती पर पारंपरिक श्रद्धा और आस्था के साथ की सूर्योपासना, बिहार की परंपरा को विदेश में भी रखा जीवंत

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार की संस्कृति और परंपराओं की पहचान छठ महापर्व आज सात समंदर पार भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। देश-विदेश में रहने वाले बिहारियों के दिल में अपनी माटी, संस्कृति और छठी मईया के प्रति अटूट श्रद्धा देखने को मिल रही है। इसी सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खूबसूरत तस्वीर अमेरिका के न्यू जर्सी से सामने आई है, जहां बक्सर निवासी अभिषेक मिश्रा ने अपनी पत्नी एवं पूरे परिवार के साथ पारंपरिक श्रद्धा, आस्था और पूरी निष्ठा से छठ महापर्व मनाया।
अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत अभिषेक मिश्रा ने विदेश की व्यस्त जिंदगी के बीच भी अपनी जड़ों और पारिवारिक संस्कारों को प्राथमिकता देते हुए छठ पर्व की परंपरा को जीवंत रखा। परिवार के साथ मिलकर उन्होंने पूरे श्रद्धा भाव से इस लोक आस्था के महापर्व में भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि भौगोलिक दूरियां भले ही इंसान को अपनी जन्मभूमि से दूर कर दें, लेकिन अपनी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से उसका रिश्ता कभी कमजोर नहीं होता।
बक्सर की पावन गंगा के तट से लेकर अमेरिका की धरती तक छठी मईया के प्रति आस्था का यह जुड़ाव बिहार की सांस्कृतिक विरासत की व्यापकता को दर्शाता है। छठ के पारंपरिक गीत, पूजा-पद्धति और लोक आस्था विदेशों में भी बिहारियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने का काम कर रहे हैं। अभिषेक मिश्रा और उनके परिवार की यह पहल उन सभी प्रवासी बिहारियों के लिए प्रेरणादायक है, जो विदेश में रहते हुए भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को संजोकर रखे हुए हैं। अपनी परंपरा और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। अभिषेक मिश्रा एवं उनके पूरे परिवार को इस सांस्कृतिक विरासत को विदेश की धरती पर भी जीवंत रखने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।




