रोटरी क्लब बक्सर ने स्लम एवं दलित बस्तियों में बांटी दीपावली की खुशियां, उपहार और मिठाइयां पाकर खिले बच्चों के चेहरे
अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह के नेतृत्व में जरूरतमंद परिवारों के बीच घर-घर पहुंचाई गई दीपावली किट, समानता और भाईचारे का दिया संदेश

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दीपावली के पावन अवसर पर रोटरी क्लब बक्सर की ओर से सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्लम एवं दलित बस्तियों में रहने वाले गरीब, वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बीच उपहार एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद परिवारों के त्योहार को खुशियों से रोशन करना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने स्वयं विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर घर-घर दीपावली की विशेष उपहार किट वितरित की। किट में लावा, मूरी, मिठाई, मोमबत्तियां, पटाखे सहित दीपावली से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। विशेष रूप से बच्चों के लिए फुलझड़ियां और कम प्रदूषण वाले पटाखे भी उपलब्ध कराए गए, ताकि वे सुरक्षित तरीके से त्योहार का आनंद उठा सकें। उपहार और मिठाइयां पाकर बस्ती के बच्चों एवं परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। क्लब के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। इस पहल के माध्यम से समाज में समानता, आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया गया।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब का प्रयास है कि समाज का कोई भी वर्ग त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समानता और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। वहीं, क्लब के सचिव मनोज कुमार ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को उपहार देने के साथ बच्चों के त्योहार को खास बनाने का प्रयास किया गया है। बच्चों के चेहरों पर खुशी देखकर क्लब के सभी सदस्यों को काफी संतोष मिला।
गौरतलब है कि रोटरी क्लब बक्सर पिछले कई वर्षों से दीपावली, स्वतंत्रता दिवस सहित अन्य प्रमुख अवसरों पर गरीब, जरूरतमंद एवं मजदूर वर्ग के बीच पहुंचकर सेवा और सामाजिक सहायता के कार्य करता आ रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष कुमार सागर, राजेश केशरी, कृष्णानंद सिंह, अनिल केसरी, शमशाद अली, रवि निर्मल, अनिल जायसवाल, सत्येंद्र सिंह, सौरभ तिवारी, डॉ. सी.एम. सिंह, अंकुर पोद्दार एवं आकाश गोयल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




