ACCIDENT

एनएच-120 पर तेज रफ्तार पिकअप ने 65 वर्षीय वृद्ध को कुचला, इलाज के दौरान मौत

मुकुंदडेरा गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा, टक्कर मारकर फरार हुआ पिकअप चालक; पुलिस कर रही तलाश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के बासुदेवा थाना क्षेत्र में एनएच-120 पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मुकुंदडेरा गांव के समीप सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

 

मृतक की पहचान बासुदेवा थाना क्षेत्र के मुकुंदडेरा गांव निवासी सुभाष राय (65 वर्ष) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को सुभाष राय अपने घर के समीप ही एनएच-120 पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल सुभाष राय को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, सड़क हादसे की सूचना मिलते ही बासुदेवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस संबंध में बासुदेवा थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद फरार हुए पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button