बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, तीन संदिग्ध गिरफ्तार; 4 मोबाइल फोन बरामद
“ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत कार्रवाई, पूछताछ में यात्रियों के मोबाइल व कीमती सामान चोरी करने की बात सामने आने का दावा; तीनों आरोपियों को GRP बक्सर को सौंपा गया

न्यूज विज़न। बक्सर
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत गुरुवार, 8 अक्टूबर को बक्सर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई। स्टेशन परिसर में गश्ती एवं निगरानी के दौरान RPF की टीम ने तीन व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें तीन महंगे स्मार्टफोन और एक कीपैड मोबाइल फोन शामिल हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, दानापुर उदय सिंह पवार के आदेशानुसार तथा RPF पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में की गई।
तीनों संदिग्धों की हुई पहचान
RPF के अनुसार पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान चंदन कुमार (लगभग 29 वर्ष), पिता विश्वनाथ वर्मा, निवासी गगोरा, थाना एवं जिला बक्सर, शहाबुद्दीन खान उर्फ बोरा, पिता इसराफिल खान, निवासी पश्चिम मौला, नया भोजपुर, थाना नया भोजपुर तथा मोहम्मद मुराद खान उर्फ मुन्ना, निवासी ग्राम चकवा, थाना धनगाई, जिला भोजपुर के रूप में हुई है।
RPF के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्तियों ने कथित तौर पर बताया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में मौका देखकर यात्रियों के मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामानों की चोरी करते हैं। बरामद मोबाइल फोन के संबंध में भी यात्रियों के सामान से चोरी किए जाने की जानकारी दिए जाने की बात RPF ने कही है।
हालांकि, बरामद मोबाइल फोन किन यात्रियों के हैं और वे किस घटना से संबंधित हैं, इसकी विस्तृत जांच अब राजकीय रेल थाना (GRP) बक्सर द्वारा की जाएगी।
निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई RPF पोस्ट बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी करण सिंह, आरक्षी रमेश सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार एवं आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव शामिल रहे।
कार्रवाई पूरी होने के बाद पकड़े गए तीनों व्यक्तियों तथा बरामद चारों मोबाइल फोन को विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना (GRP), बक्सर को सुपुर्द कर दिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान
RPF के अनुसार, बक्सर रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेल यात्रियों में सुरक्षित यात्रा का विश्वास कायम रखना है।
RPF पोस्ट बक्सर ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




