CRIME

गंगा के कोल में भैंस निकालने उतरे दो बच्चों की डूबने से मौत, एक घंटे की तलाश के बाद बरामद हुए शव

भैंस चराने के दौरान पानी से भरे कोल में चले गए थे दोनों बच्चे, घटना के बाद गांव में पसरा मातम; पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

न्यूज़  विज़न।  बक्सर 
रामदास थाना क्षेत्र के लालसिंह डेरा के सामने गंगा नदी के कोल में डूबने से एक किशोर और किशोरी की मौत हो गई। दोनों बच्चे दोपहर बाद भैंस चराने के लिए बघार की ओर गए थे। इसी दौरान मवेशियों को पानी से निकालने के प्रयास में दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों के प्रयास से करीब एक घंटे की तलाश के बाद दोनों के शव पानी से बरामद किए गए।

 

मिली जानकारी के अनुसार, टेकमन डेरा गांव निवासी धरभरन यादव की आठ वर्षीय पुत्री काजल कुमारी और किशुन बिहारी यादव का दस वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार दोपहर बाद घर से भैंस चराने के लिए बघार की तरफ गए थे। इसी दौरान चरते-चरते उनकी भैंस पानी से भरे गंगा नदी के कोल में चली गई। मवेशियों को पानी में जाता देख दोनों बच्चे उन्हें बाहर निकालने के लिए कोल में उतर गए। बताया जा रहा है कि कोल में पानी अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों बच्चे अचानक डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य चरवाहों ने उन्हें बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही हड़कंप मच गया।

 

सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी के कोल में दोनों बच्चों की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे तक चले प्रयास के बाद गोताखोरों ने दोनों बच्चों के शव पानी से बरामद कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही रामदास थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। दो मासूम बच्चों की एक साथ डूबने से हुई मौत के बाद टेकमन डेरा सहित आसपास के इलाके में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button