OTHERS

ज्योति प्रकाश चौक से सोन नहर कैनाल का CM सम्राट चौधरी ने किया निरीक्षण, वियर निर्माण का दिया निर्देश

कटहिया पुल के पास कैनाल की स्थिति का लिया जायजा, सिंचाई समेत अन्य उपयोग के लिए पानी रोकने की व्यवस्था बनाने पर जोर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर दौरे पर पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान वामन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जिले की महत्वपूर्ण जल संरचनाओं में शामिल सोन नहर कैनाल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बक्सर के ज्योति प्रकाश चौक के समीप कटहिया पुल पहुंचकर सोन नहर कैनाल की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कैनाल में पानी की उपलब्धता, जल प्रवाह, नहर की वर्तमान स्थिति और इसके उपयोग से जुड़ी जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सोन नहर कैनाल की स्थिति एवं इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने निर्देश दिया कि सोन नहर के पानी को कैनाल में रोकने के लिए वियर का निर्माण कराया जाए, ताकि पानी का समुचित संचयन और उपयोग सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए इसका लाभ सिंचाई सहित अन्य आवश्यक कार्यों में प्रभावी ढंग से लिया जाना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोन नहर कैनाल में जल संरक्षण की संभावनाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है। वियर के निर्माण से पानी को नियंत्रित तरीके से रोकने और आवश्यकता के अनुसार उसके उपयोग में सुविधा मिलने की बात कही गई। कैनाल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर सदर प्रखंड के चुरामनपुर के लिए रवाना हो गए, जहां उनके निर्धारित कार्यक्रम में जीविका दीदियों के साथ संवाद सहित अन्य कार्यक्रम शामिल थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button