मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नगर परिषद का चला बुलडोजर, रामरेखा घाट से एमपी हाई स्कूल तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
जेसीबी और ट्रैक्टर के साथ पहुंची नगर परिषद की टीम, सड़क किनारे अवैध कब्जे हटाए; दोबारा अतिक्रमण करने पर जुर्माना और सामान जब्त करने की चेतावनी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के पूर्व शहर में साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में नगर परिषद प्रशासन ने सोमवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर परिषद की टीम ने रामरेखा घाट के मुख्य गेट से लेकर एमपी हाई स्कूल गेट तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे को सख्ती से हटाया। इसके अलावा एमपी हाई स्कूल गेट के सामने अतिथि गृह की ओर जाने वाली सड़क के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण को भी खाली कराया गया।
अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को दिन करीब एक बजे नगर परिषद के अधिकारी दल-बल के साथ ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर मॉडल थाना के समीप पहुंचे। अधिकारियों की टीम को जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ देखकर सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई दुकानदार खुद अपने स्तर से कराकट के छज्जे और अन्य अस्थायी निर्माण हटाने में जुट गए। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे को हटाना शुरू किया। जहां दुकानदारों ने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया, वहां नगर परिषद की टीम ने जेसीबी से अस्थायी दुकानों एवं अन्य निर्माण को ध्वस्त कर रास्ता खाली कराया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान सड़क के दोनों तरफ किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त और आर्थिक जुर्माने की चेतावनी
अभियान का नेतृत्व कर रहे नगर परिषद के नगर प्रबंधक नीरज कुमार झा ने अस्थायी रूप से दुकान लगाने वाले लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा उसी स्थान पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दुकानदार दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया तो उसका सामान जब्त करने के साथ ही आर्थिक जुर्माना भी लगाया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन की टीम ने सबसे पहले रामरेखा घाट के मुख्य गेट से अभियान की शुरुआत की। यहां से एमपी हाई स्कूल गेट तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर किए गए कब्जे को हटाया गया। इसके बाद टीम एमपी हाई स्कूल गेट के सामने अतिथि गृह जाने वाली सड़क पर पहुंची और दोनों तरफ फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अधिकारियों के तेवर रहे सख्त
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों के तेवर काफी सख्त नजर आए। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, ताकि आवागमन में लोगों को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने के लिए चलाए गए इस अभियान से सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वालों में काफी हलचल रही। अभियान में नगर प्रबंधक नीरज कुमार झा के साथ मो. वाहिद अहमद, मनोज केसरी, कुमार अविनाश, नवीन पांडेय समेत नगर परिषद के अन्य कर्मी और पुलिस के जवान शामिल रहे। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई के बाद रामरेखा घाट से एमपी हाई स्कूल तथा अतिथि गृह जाने वाले मार्ग के किनारे कई स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वीडियो देखें :





