16वीं बिहार राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता में बक्सर का दबदबा, 50 अंक के साथ प्रथम स्थान
पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक, लव शर्मा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
पश्चिमी चंपारण के बेतिया स्थित खेल भवन में 19 से 20 सितंबर तक आयोजित 16वीं बिहार राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता में बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में राज्य के 22 जिलों से करीब 1500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने सांशु एवं तालू स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बक्सर जिले से तीन पुरुष और नौ महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सांशु स्पर्धा के पुरुष वर्ग में अंडर-45 किलोग्राम में गोपी कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-48 किलोग्राम वर्ग में गोलू कुमार ने रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-90 किलोग्राम वर्ग में अमृत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला वर्ग में भी बक्सर की खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-45 किलोग्राम वर्ग में लक्ष्मी कुमारी, अंडर-48 किलोग्राम में दीक्षा कुमारी, अंडर-52 किलोग्राम में खुशी श्रीवास्तव, अंडर-56 किलोग्राम में प्रियांशु कुमारी, अंडर-65 किलोग्राम में निकिता कुमारी तथा अंडर-75 किलोग्राम वर्ग में निभा कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अंडर-60 किलोग्राम में माया कुमारी ने रजत पदक और अंडर-70 किलोग्राम वर्ग में सानिया भारतीय ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में बक्सर की टीम ने प्रशिक्षक लव शर्मा की देखरेख में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बक्सर की टीम ने कुल 50 अंक अर्जित करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।बक्सर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। सफलता पर बक्सर वुशू संघ के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, महासचिव मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार सिंह सहित संघ के सभी पदाधिकारियों एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।





