10 लाख पौधारोपण अभियान के तहत इजरी श्रीराम में लगाए गए 17 पौधे
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, डॉ. दिलशाद आलम बोले—पौधा लगाना ही नहीं, पेड़ बनने तक उसकी सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय तथा सावित खिदमत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे “10 लाख पौधे लगाने की मुहिम” के अंतर्गत मंगलवार को एक बार फिर इजरी श्रीराम में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के करीब 17 पौधे लगाए गए। इनमें आम, महोगनी और अशोक सहित कई उपयोगी एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधे शामिल रहे।
पौधारोपण कार्यक्रम में मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम, प्रियेश कुमार यादव, राहुल कुमार, रवि कुमार, सोहन यादव, मृत्युंजय यादव, सुभाष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने उत्साह के साथ पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। अनियमित वर्षा, विनाशकारी बाढ़, तूफान, अत्यधिक गर्मी तथा हिमालयी क्षेत्रों में तेजी से पिघलते ग्लेशियर प्रकृति की ओर से मिलने वाली गंभीर चेतावनी हैं। नेपाल सहित हिमालयी क्षेत्रों में आने वाली बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से हमें सीख लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधा लगाना ही अभियान का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण को जन-आंदोलन का रूप देना होगा। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव बनेंगे। डॉ. आलम ने बताया कि 10 लाख पौधे लगाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। आने वाले वर्षों में बक्सर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा तथा इस अभियान को पूरे बिहार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और आम नागरिकों से अभियान से जुड़ने तथा प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने “पेड़ लगाएं—जीवन बचाएं, हरियाली बढ़ाएं—भविष्य बचाएं” के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।





