पुरानी पेंशन की मांग को लेकर पेंशनर फेडरेशन का बड़ा आंदोलन, 29-30 सितंबर को होगा रात-दिन धरना
नवनियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन लागू करने और पेंशनरों के हितों को आठवें वेतन आयोग में शामिल करने की मांग, सदर अस्पताल परिसर में हुई बैठक में लिया गया निर्णय


न्यूज़ विज़न। बक्सर
अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर फेडरेशन एवं बिहार पेंशनर एसोसिएशन के आह्वान पर आगामी 29 एवं 30 सितंबर को जिला पदाधिकारी, बक्सर के समक्ष रात-दिन धरना देने के निर्णय को सफल बनाने को लेकर सदर अस्पताल परिसर में पेंशनरों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परमहंस सिंह ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री अरुण कुमार ओझा ने कहा कि सभी नवनियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू कराना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कर्मचारियों एवं पेंशनरों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल सामने हैं, जिनके समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों के संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रत्यक्ष रूप से दिखाई नहीं पड़ रहा है। ऐसे में पेंशनरों के बीच चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सरकार द्वारा जिस तरह महंगाई भत्ते (डीए) को फ्रीज किया गया, उससे यह आशंका बनी हुई है कि सरकार भविष्य में भी पेंशनरों के हितों को प्रभावित करने वाले कदम उठा सकती है।
जिला मंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पेंशनरों के पास अपने अधिकारों और मांगों को लेकर संघर्ष करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने सभी पेंशनरों से आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर भाग लेने की अपील की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि केंद्र एवं राज्य संगठन के निर्णय के अनुसार 29 एवं 30 सितंबर को जिला पदाधिकारी, बक्सर के समक्ष रात-दिन धरना दिया जाएगा। इस दौरान पेंशनरों की विभिन्न मांगों से संबंधित संलेख जिला प्रशासन को समर्पित किया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पेंशनरों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए सामूहिक संघर्ष को और मजबूत किया जाएगा। सभा को राम सुरेश सिंह, हरे राम सिंह, उमेश प्रसाद सिंह, विश्वनाथ प्रसाद, अवध बिहारी सिंह, हरेंद्र प्रसाद सिंह, राजाराम सिंह, अवधेश सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। बैठक में बड़ी संख्या में पेंशनर एवं संगठन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।





