शिक्षक दिवस पर कन्या प्राथमिक विद्यालय डुमरी में गूंजा गुरु-शिष्य सम्मान का भाव
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर बच्चों ने शिक्षकों को पेन और चॉकलेट देकर किया सम्मानित, विद्यालय परिसर में उत्सवी माहौल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शिक्षक दिवस के अवसर पर सिमरी प्रखंड क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय डुमरी के प्रांगण में देश के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान विद्यालय परिसर में गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उनके व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। बच्चों ने कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों को पेन और चॉकलेट देकर सम्मानित किया। शिखा कुमारी, अनुष्का कुमारी, परिधि कुमारी, शिवानी कुमारी, सीयन कुमार, अभ्यांश कुमार और रवि कुमार ने अपनी शिक्षिका रानी अर्चना कुमारी को पेन देकर सम्मानित किया। बच्चों के इस आत्मीय सम्मान से शिक्षिकाएं भावुक और प्रसन्न नजर आईं।
वहीं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बच्चों की ओर से सम्मानित किया गया। शिक्षक मो. आसीफ, हंसलाल सिंह, विनय कुमार तिवारी तथा शिक्षिकाएं विभा देवी, संगीता राय और साबा परविन को छात्र-छात्राओं ने पेन एवं चॉकलेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार पांडेय एवं शिक्षक शिवजी कुमार ने केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं। इसके बाद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर विद्यालय परिवार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने विद्यालय में गुरु-शिष्य के बीच स्नेह, सम्मान और आत्मीयता के रिश्ते को और मजबूत किया।





