पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ग्लोबल विजडम स्कूल में मनाया गया ‘ग्रीन डे’ और सावन महोत्सव
नन्हे-मुन्ने बच्चों ने निकाली भव्य कांवर यात्रा, शिव मंदिर में किया भगवान शिव-पार्वती समेत देवी-देवताओं का पूजन; रैली में गूंजे ‘पेड़ लगाओ-हरियाली बचाओ’ के नारे


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रेलवे क्रॉसिंग, इटाढ़ी के समीप स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘ग्रीन डे’ के साथ सावन महोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने समाज को पेड़-पौधों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
सावन महोत्सव के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे पारंपरिक अंदाज में कांवर यात्रा के रूप में पथ संचलन करते हुए शिव मंदिर के प्रांगण में पहुंचे। बच्चों की आकर्षक टोली और उनकी अनुशासित कतार ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मंदिर परिसर में शिक्षकों के मार्गदर्शन में भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही सावन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक प्रकाश पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर पर्यावरण जागरूकता रैली को रवाना किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा मौजूदा पेड़-पौधों को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया।
रैली में गूंजे पर्यावरण संरक्षण के नारे
विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे कतारबद्ध होकर रैली में शामिल हुए और समाज के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया। बच्चों के हाथों में जागरूकता से जुड़े संदेश और नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान “पेड़ लगाओ-हरियाली बचाओ”, “हमारी धरती करे पुकार, पेड़ लगाकर करो उद्धार”, “वृक्ष लगाओ-देश बचाओ” तथा “आओ मिलकर पेड़ लगाएं, धरती को हम स्वर्ग बनाएं” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। विद्यालय की ओर से आयोजित इस रैली का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज के लोगों को भी हरियाली बचाने के लिए जागरूक करना रहा।
मेहंदी, कजरी और चित्रकला प्रतियोगिता ने बढ़ाई रौनक
सावन महोत्सव के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। बच्चों के बीच मेहंदी प्रतियोगिता, कजरी गायन, चित्रकला एवं क्राफ्ट प्रतियोगिता सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा बच्चों ने ॐ-त्रिशूल आधारित सावन नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से सावन की परंपरा, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
शिक्षकों और प्रधानाचार्या के प्रयासों से सफल हुआ आयोजन
सावन महोत्सव एवं ‘ग्रीन डे’ के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय के मार्गदर्शन एवं शिक्षकों के सहयोग से सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से कहा गया कि बच्चों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना बेहद जरूरी है। ‘ग्रीन डे’ जैसे आयोजन बच्चों को पर्यावरण से जोड़ने के साथ-साथ समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण और हरियाली को सुरक्षित रखने का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।





