OTHERS

विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान में बक्सर के 26 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर ब्रह्माकुमारीज़ ने लगाया रक्तदान शिविर, 6 रक्त वीरांगनाओं समेत 26 लोगों ने किया महादान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाज सेवा प्रभाग की ओर से ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका आदरणीय राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर देशभर सहित नेपाल में 21 से 25 अगस्त 2026 तक “विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को बक्सर के बाबानगर डिफेंस कॉलोनी स्थित “ब्रह्माकुमारीज़ परमात्म अनुभूति भवन” में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 6 रक्त वीरांगनाओं समेत कुल 26 रक्तवीर-वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया।

 

शिविर का आयोजन रविवार, 23 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। अभियान के तहत संस्था ने इस वर्ष देशभर में एक लाख से अधिक यूनिट रक्तदान कराने का संकल्प लिया है। संस्था की ओर से बताया गया कि पिछले वर्ष भी एक लाख यूनिट रक्तदान के संकल्प के साथ 88,378 यूनिट रक्त एकत्रित कराया गया था। इस वर्ष पिछले आंकड़े को पार करने की पूरी उम्मीद जताई गई है।

 

दादी प्रकाशमणि के सेवा भाव को किया याद

कार्यक्रम के दौरान संस्था की संचालिका ब्रह्माकुमारी रानी दीदी जी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी का संपूर्ण जीवन समाज कल्याण और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। भले ही दादी जी आज देह रूपी वस्त्र में हमारे बीच उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा किए गए महान कार्य और सेवा के संस्कार आज भी समाज को सन्मार्ग की ओर प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। हमारे रक्त की कुछ कीमती बूंदें किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक बन सकती हैं। इससे बड़ा निस्वार्थ और पुण्य का कार्य कोई दूसरा नहीं हो सकता। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिलता है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।

कैथोलिक चर्च से पहुंचे फादर मनोज ने भी किया रक्तदान

शिविर में बक्सर कैथोलिक चर्च से विशेष रूप से रक्तदान करने पहुंचे फादर मनोज जी ने भी पूरे उमंग और उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाई। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को और मजबूत किया।

26 रक्तवीरों ने दिया जीवनदान का संदेश

शिविर में रक्तदान करने वालों में काजल मिश्रा, सविता सिंह, बबीता देवी, ममता कुमारी, तेतरी देवी, नीतू देवी, विनय कुमार, अजय सिंह, ब्रह्माकुमार अंकित, विकास कुमार, मनोज कुमार पटेल, ऋषि राज मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, राज कुमार, आनंद ओझा, विनय सिंह, दिनेश कुमार सहित कुल 26 रक्तवीर-वीरांगनाएं शामिल रहीं। इन सभी ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए किया गया रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा है।

मां तपेश्वरी देवी ब्लड बैंक और ब्लड बक्सर का रहा सहयोग

शिविर को सफल बनाने में बक्सर के सोहनीपट्टी स्थित मां मुंडेश्वरी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के अंतर्गत मां तपेश्वरी देवी ब्लड बैंक एवं ब्लड बक्सर संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने सहयोगी संस्थाओं, रक्तदाताओं और कार्यक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के छोटे से प्रयास से किसी जरूरतमंद को जीवनदान मिल सकता है। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे “विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान” के माध्यम से सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button