कांवरियों की सेवा में आगे आया विद्यार्थी परिषद, पीपी रोड में लगाया सेवा शिविर
सावन के पावन अवसर पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कांवरिया श्रद्धालुओं का किया स्वागत, सेवा-सहयोग को बताया भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सावन के पावन अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), बक्सर नगर इकाई की ओर से शहर के पी.पी. रोड में कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा एवं सहायता के उद्देश्य से कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए विभिन्न स्थानों से पैदल गुजर रहे कांवरिया श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा उन्हें आवश्यक सेवा-सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सेवा शिविर में परिषद के कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सहायता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल कुमार ने की, जबकि संचालन विराज सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में निहित सेवा, सहयोग एवं समर्पण की भावना का प्रतीक है। सावन के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सेवा शिविर के माध्यम से उन्हें सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया गया।
सेवा कार्य विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का अभिन्न हिस्सा : अविनाश पाण्डेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि सेवा कार्य भारतीय संस्कृति के साथ-साथ विद्यार्थी परिषद के संस्कारों का भी अभिन्न हिस्सा है। विद्यार्थी परिषद सदैव समाज के बीच रहकर सेवा, सहयोग और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है और इस प्रकार के कार्य समाज में आपसी सहयोग एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
कांवरियों की सेवा सौभाग्य और पुण्य का कार्य : अभिनंदन मिश्रा
जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा कर रहे कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़े होकर सेवा एवं सहायता की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान करना परिषद की सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सेवा कार्यों से युवाओं में बढ़ती है सामाजिक जिम्मेदारी : विवेक पाण्डेय
नगर मंत्री विवेक पाण्डेय ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव समाजहित एवं सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। परिषद के कार्यकर्ता शिक्षा एवं छात्रहित से जुड़े विषयों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सेवा कार्यों से युवाओं में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर निभाई जिम्मेदारी
सेवा शिविर के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कांवरिया श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता के लिए सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। शिविर में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा एवं समर्पण का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में हिमांशु कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सेवा शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर खेलो भारत प्रांत सह संयोजक अनीश तिवारी, मनीष सिंह, प्रियांशु, शुभम, अभिषेक गुप्ता, दिव्यांशु मिश्रा, सुमित तिवारी, संजीत यादव, उज्ज्वल चौबे, अभिषेक कुमार, सरजित कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





