OTHERS

पंचायत स्तर तक जदयू संगठन को मजबूत करने पर जोर, प्रखंड व पंचायत अध्यक्षों की सूची शीघ्र सौंपने का निर्देश

जिला कार्यालय में हुई अहम बैठक, जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने का किया आह्वान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जनता दल यूनाइटेड (जदयू), जिला बक्सर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को जिला कार्यालय, बक्सर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने की। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड/नगर अध्यक्षों, जिला उपाध्यक्षों एवं जिला प्रवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी संगठन को पंचायत स्तर तक और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में प्रखंड कार्यकारिणी एवं पंचायत अध्यक्षों की सूची जल्द से जल्द तैयार कर जिला कार्यालय में उपलब्ध कराने को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मजबूत संगठन के लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठनात्मक कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने का आग्रह किया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि, “संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी मजबूती होती है।” उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पार्टी के माननीय नेता, पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा बिहार में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किए गए विकास एवं जनकल्याण के कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ पंचायत स्तर पर इसकी व्यापक चर्चा कराई जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें। पंचायत स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने, संगठन का विस्तार करने तथा जदयू की नीतियों एवं विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्धारण तथा पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की। बैठक में हरेन्द्र सिंह, मोहन चौधरी, बिनोद कुमार विमल, जितेन्द्र कुमार सिंह, राजीव राय उर्फ बब्लू राय, मनोज कुमार सिंह, वीरेन्द्र सिंह कुशवाहा, सिद्धेश्वर चौधरी, विजय सिंह कुशवाहा, फुटुचंद कुशवाहा, कृष्णा सिंह, सरदार सिंह कुशवाहा, निर्मल चौधरी, अजीत कुमार तिवारी, मुन्ना चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button