सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में गंवाई जिंदगी, कृष्णा राजभर की मौत से परिवार में मचा कोहराम
करैत सांप ने गर्दन के पास काटा, अस्पताल पहुंचने में हुई देरी; दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की


न्यूज विज़न। बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव में बुधवार को सर्पदंश से 45 वर्षीय मजदूर कृष्णा राजभर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में सोने के दौरान करैत सांप ने उसे गर्दन के पास काट लिया। सांप के काटने के बाद परिजन तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक कराने में लग गए। इलाज में हुई देरी के कारण कृष्णा की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहनपुरवा गांव निवासी विश्वनाथ राजभर का 45 वर्षीय पुत्र कृष्णा राजभर रोज की तरह मजदूरी करने के बाद मंगलवार की शाम अपने घर लौटा था। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चला गया। आधी रात के करीब उसे गर्दन के पास किसी चीज के काटने का एहसास हुआ। इसके बाद वह उठकर बैठ गया और कमरे की बत्ती जलाई। परिजनों के अनुसार, रोशनी करने पर बेड पर सांप दिखाई दिया, जिससे परिवार के लोगों को सर्पदंश की आशंका हुई।
घटना के बाद परिजन कृष्णा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन इसी दौरान झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया गया। परिजन उसे उत्तर प्रदेश के गहमर स्थित बकस बाबा के पास लेकर चले गए। वहां से लौटने के बाद कृष्णा की तबीयत में सुधार होने के बजाय उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन कृष्णा को प्रताप सागर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की पुष्टि होने के बाद भी परिजन कृष्णा को लेकर एक-दो स्थानों पर झाड़-फूंक कराने के लिए गए। बुधवार की शाम जब शव लेकर परिजन मोहनपुरवा स्थित घर पहुंचे तो गांव में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घर के पास जुट गई।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
कृष्णा राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। कृष्णा के परिवार में दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब 12 और 8 वर्ष बताई जा रही है। पिता की अचानक मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मोहनपुरवा गांव पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
कृष्णा की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कृष्णा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और उसकी मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।
विशेषज्ञों की सलाह: सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से कई मामलों में सर्पदंश के पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।





