भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ में बगावत! 84 पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय के समर्थन में उतरी पूरी टीम
पुलिसिया कार्रवाई को बताया साजिश, न्याय मिलने तक संघर्ष का ऐलान; दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही का आरोप—प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और सदर विधायक ने मिलकर फंसाया, बक्सर में पार्टी को बर्बाद करने की रची जा रही साजिश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
सोमवार को शहर के स्टेशन रोड स्थित मॉडल थाना के समीप गोयल धर्मशाला में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बक्सर जिला टीम की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने की, जबकि संचालन जिला सह संयोजक रोहित सिंह ने किया। बैठक में जिला संयोजक के खिलाफ हुई पुलिसिया कार्रवाई को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से रोष व्यक्त किया।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने आरोप लगाया कि जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही के खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई की गई है। इसको लेकर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वे इस अन्याय के खिलाफ सामूहिक रूप से संघर्ष करते रहेंगे।
84 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सौंपा सामूहिक इस्तीफा
बैठक के दौरान भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बक्सर जिला के विभिन्न जिला एवं मंडल पदाधिकारियों तथा कार्यसमिति सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही को सौंप दिया। इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे एक टीम के रूप में जिला संयोजक के साथ खड़े हैं और आगे भी एकजुट होकर काम करते रहेंगे। बताया गया कि कुल 84 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफा दिया है। प्रमुख रूप से गोविंद जी, मझिल ओझा, हरेराम पांडेय, ज्ञानदीप पांडेय, सोनल तिवारी, तुलसी मल्लाह, रोहित सिंह, रिंकू पांडेय, जयप्रकाश कुमार, आशु राय, अमोद कुमार, पृथ्वीनाथ ओझा, पंकज कुमार, गोलू सिंह, सिद्धार्थ पाण्डेय, रामप्रवेश कुमार, हेमलता कुमार, रोहित यादव, मृगांक कुमार, त्रिलोकी सिंह, अंकित त्यागी, अरुण यादव, शिवम पांडेय, आकाश उपाध्याय एवं विकास सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रेसवार्ता कर दुर्गेश उपाध्याय ने लगाए गंभीर आरोप
बैठक के बाद जिला संयोजक दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने प्रेसवार्ता आयोजित कर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश राजू, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन एवं सदर विधायक आनंद मिश्रा ने साजिश के तहत उन्हें फंसाया है। दुर्गेश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बक्सर में पार्टी को कमजोर और बर्बाद करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सच्चे सिपाही हैं और पार्टी के लिए लगातार काम करते रहे हैं।
18 जून के कार्यक्रम को लेकर भी उठाए सवाल
दुर्गेश उपाध्याय विद्रोही ने कहा कि 18 जून को आयोजित शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सम्मान कार्यक्रम के दिन ही उन्हें इस बात का आभास हो गया था कि उनके खिलाफ कोई साजिश रची जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के बक्सर आगमन पर उनके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई थी। लेकिन कार्यक्रम से एक दिन पहले उन्हें फोन कर कार्यक्रम नहीं करने को कहा गया। उनके अनुसार, उन्हें यह बताया गया कि जिलाध्यक्ष और सदर विधायक नहीं चाहते कि मिथिलेश तिवारी का बक्सर में भव्य स्वागत हो। इसी घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि उसी समय उन्हें अपने खिलाफ किसी साजिश की आशंका होने लगी थी।
‘न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा’
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिला संयोजक के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर वे चुप नहीं बैठेंगे। सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि जब तक मामले में न्याय नहीं मिलता, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।सामूहिक इस्तीफे के बाद भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बक्सर की आंतरिक स्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस सामूहिक इस्तीफे और लगाए गए आरोपों पर क्या रुख अपनाता है।
वीडियो देखें :





