रघुनाथपुर में आधार सेवा केंद्र शुरू, मुरार उपडाकघर नए भवन में हुआ स्थानांतरित
डाक अधीक्षक कुमारी सरिता ने किया उद्घाटन, अब आधार अपडेट, बैंकिंग, बीमा, स्पीड पोस्ट और अन्य सेवाएं एक ही परिसर में होंगी उपलब्ध; रक्षा बंधन पर राखी मेल में 10% विशेष छूट की भी घोषणा


न्यूज विज़न। बक्सर
भारतीय डाक विभाग, बक्सर मंडल ने आम नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ तथा मुरार उपडाकघर का नवीन भवन में स्थानांतरण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डाक अधीक्षक, बक्सर मंडल श्रीमती कुमारी सरिता ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन के बाद उपस्थित लोगों ने नए भवन और आधार सेवा केंद्र का अवलोकन किया तथा डाक विभाग की नई सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
अपने संबोधन में डाक अधीक्षक श्रीमती कुमारी सरिता ने कहा कि भारतीय डाक विभाग “डाक सेवा, जन सेवा” के संकल्प के साथ नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रघुनाथपुर उपडाकघर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से अब क्षेत्र के लोगों को नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल एवं बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी प्रमुख आधार संबंधी सेवाएं अपने नजदीकी डाकघर में ही उपलब्ध होंगी। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि मुरार उपडाकघर के नवीन भवन में स्थानांतरण से ग्राहकों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक वातावरण में सेवाओं का लाभ मिलेगा। नए परिसर में डाक एवं पार्सल सेवाओं के साथ-साथ डाक बचत बैंक, डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक (रजिस्ट्री), आधार सेवाएं तथा अन्य वित्तीय एवं जनोपयोगी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डाक अधीक्षक ने कहा कि डाक विभाग द्वारा आधार सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में बक्सर मंडल के अन्य डाकघरों में भी चरणबद्ध तरीके से आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके निकटतम डाकघर में ही यह सुविधा मिल सके।
उन्होंने रक्षा बंधन के अवसर पर भारतीय डाक विभाग की विशेष पहल की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त 2026 से राखी मेल पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस रियायती सुविधा का लाभ उठाते हुए भारतीय डाक विभाग के माध्यम से अपने प्रियजनों तक राखी सुरक्षित, किफायती और भरोसेमंद तरीके से भेजें।
श्रीमती कुमारी सरिता ने कहा कि आज भारतीय डाक विभाग केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बैंकिंग, बीमा, आधार, डिजिटल भुगतान, पार्सल सेवाओं और अन्य जनोपयोगी सुविधाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक तथा अन्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।





