अमृतसर-हावड़ा मेल से 32.94 लीटर अवैध शराब के साथ तीन महिला तस्कर गिरफ्तार
ट्रेन संख्या 13006 डाउन अमृतसर-हावड़ा मेल में संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान मिली सफलता, जब्त शराब की कीमत 25,350 रुपये; तीनों महिलाओं को न्यायालय भेजा गया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) बक्सर की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार, 31 जुलाई को बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13006 डाउन अमृतसर-हावड़ा मेल से तीन महिला शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, बक्सर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन की सघन तलाशी ली। इसी दौरान तीन महिलाओं के पास से कुल 32.94 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 25,350 रुपये बताया गया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कंचन देवी (पत्नी- रंजीत सहनी), निवासी- खुशरूपुर मिंयाटोली, वार्ड संख्या-05, जिला पटना; सीता देवी (पत्नी- मनोज सहनी), निवासी- बस्तर, थाना- नदी, जिला पटना तथा शांति देवी (पत्नी- मुन्ना पासी), निवासी- सालिमपुर, थाना- शालिमपुर, जिला पटना के रूप में हुई है।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने बरामद शराब को जब्त करते हुए तीनों महिलाओं को हिरासत में लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें अग्रिम कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। रेलवे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में लगातार संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





