दिशा समिति की बैठक में गूंजे चौसा के मुद्दे: शहीद हवलदार सुनील सिंह की प्रतिमा, मरीन ड्राइव विस्तार और सड़क निर्माण की उठी मांग
सांसद सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, डॉ. मनोज कुमार यादव ने चौसा क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से रखा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में दिशा समिति की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान चौसा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि, पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने चौसा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को समिति के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग
डॉ. मनोज कुमार यादव ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले सेना मेडल से सम्मानित चौसा के वीर सपूत शहीद हवलदार सुनील कुमार सिंह की स्मृति में शेरशाहगढ़ पर आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहीद की पत्नी द्वारा प्रतिमा स्थापना का अनुरोध किए जाने के बाद इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है, लेकिन अब तक प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि शहीद की प्रतिमा स्थापित होने से उनके सर्वोच्च बलिदान को स्थायी सम्मान मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों और युवाओं में राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होगी।
शेरशाहगढ़ तक मरीन ड्राइव विस्तार की मांग
बैठक में डॉ. यादव ने गंगा तट पर प्रस्तावित मनेर-बक्सर मरीन ड्राइव परियोजना का विस्तार बिहार की अंतिम सीमा चौसा स्थित शेरशाहगढ़ तक किए जाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि यदि यह परियोजना चौसा तक पहुंचती है तो पर्यटन, व्यापार, आवागमन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जासो सड़क के निर्माण पर जोर
डॉ. यादव ने जासो क्षेत्र की जर्जर सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए इसके शीघ्र निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम लोगों, छात्रों और किसानों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समय रहते सड़क का निर्माण कराया जाना बेहद आवश्यक है।
घरेलू गैस रीफिलिंग अवधि घटाने की मांग
बैठक में उन्होंने चौसा नगर पंचायत के उपभोक्ताओं की एक महत्वपूर्ण समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत घोषित होने के बावजूद यहां घरेलू गैस सिलेंडर की रीफिलिंग अभी भी ग्रामीण क्षेत्र की तरह 45 दिनों के अंतराल पर की जा रही है। उन्होंने इस अवधि को घटाकर 25 दिन करने की मांग करते हुए कहा कि इससे नगर पंचायत के हजारों उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने सभी विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। दिशा समिति की इस बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।





