OTHERS

वीर कुंवर सिंह सेतु से युवती ने गंगा में लगाई छलांग, मछुआरों की बहादुरी से बची जान

भरौली की ओर से पुल पर पहुंची युवती ने अचानक नदी में लगाई छलांग, डूबने से पहले मछुआरों ने सुरक्षित निकाला बाहर; पुलिस मामले की जांच में जुटी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब तीन बजे एक युवती ने गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण उसकी जान बच गई। घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती उत्तर प्रदेश के भरौली की ओर से पैदल पुल पर आई थी। वह भरौली की तरफ से पाया संख्या-2 के पास पहुंची और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। युवती को नदी में कूदते देख पुल से गुजर रहे लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और तत्काल आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। उस समय गंगा नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों ने बिना समय गंवाए नाव लेकर युवती की ओर रुख किया। तब तक युवती पानी में डूबने लगी थी, लेकिन मछुआरों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि कुछ मिनट की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

 

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवती की पहचान बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के आथर गांव निवासी गणेश केशरी की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों और किन कारणों से युवती ने इतना बड़ा कदम उठाया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

गौरतलब है कि पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु से गंगा नदी में छलांग लगाने की घटनाएं पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में लोगों की जान नहीं बच सकी, लेकिन इस बार मछुआरों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। स्थानीय लोगों ने मछुआरों की सराहना करते हुए उनके साहस को जीवनरक्षक प्रयास बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button