CRIME

थर्मल प्लांट में बड़ा हादसा: पानी का सैंपल लेने गए 22 वर्षीय मजदूर की पोखरे में डूबकर मौत, मुआवजे की मांग पर गेट जाम

बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित थर्मल प्लांट में हुआ हादसा, शव बरामद होने के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा; प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, नौकरी और मुआवजे की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित थर्मल प्लांट परिसर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी का सैंपल लेने गए 22 वर्षीय मजदूर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पोखरे से बाहर निकाला गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

 

मृतक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया गांव निवासी शिवशंकर सिंह के 22 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुभम थर्मल प्लांट में मजदूर के रूप में कार्यरत था। गुरुवार को वह रोज की तरह प्लांट परिसर स्थित पोखरे से पानी का सैंपल लेने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।

 

टिफिन और झोला मिला, लेकिन नहीं मिला शुभम
दोपहर में जब शुभम के साथी भोजन करने के लिए पहले से तय स्थान पर पहुंचे तो वहां उसका टिफिन और झोला पड़ा मिला, लेकिन शुभम कहीं दिखाई नहीं दिया। साथियों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान उन्हें आशंका हुई कि वह सैंपल लेने के लिए पोखरे की ओर गया होगा। जब वहां तलाश की गई तो उसके डूबने की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कई घंटे तक चले खोज अभियान के बाद शुभम का शव पोखरे से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई।

परिजनों का फूटा गुस्सा, मुख्य गेट किया जाम
हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने थर्मल प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की। अपनी मांगों को लेकर लोगों ने प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन और प्लांट का कार्य प्रभावित रहा।

प्रशासन ने किया समझाने का प्रयास
घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और प्लांट प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया तथा उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की गई।

पुलिस क्या कहती है?
मुफस्सिल थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत पोखरे में डूबने से हुई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button