CRIME

धनसोई की नहर में मिली अज्ञात युवती की लाश, गोसैसीडेरा नहर पुल पर शव फंसने से फैली सनसनी

लगभग 27 वर्षीय युवती की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मौत के कारण और शव के बहकर आने के स्रोत की जांच शुरू

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के धनसोई थाना क्षेत्र के गोसैसीडेरा गांव स्थित बड़ी नहर पुल के पास शुक्रवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

 

ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी नहर के तेज बहाव के साथ युवती का शव बहते हुए गोसैसीडेरा गांव स्थित नहर पुल के पास आकर फंस गया। पुल पर शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल धनसोई थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 27 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने नीले (ब्लू) रंग का ट्राउजर और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।

 

थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया है। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शव किस स्थान से बहकर नहर तक पहुंचा और युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है, ताकि मृतका की पहचान जल्द से जल्द हो सके। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button