CRIME

द्वारपूजा से पहले पटाखा छोड़ने को लेकर बारात में बवाल, बाराती-घराती में जमकर मारपीट, दो घायल; पुलिस चौकी पर हुआ समझौता

बक्सर से गयी थी बारात, रास्ते में पटाखा छोड़ने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद; रात में शादी संपन्न हुई, लेकिन भोर में फिर हुई मारपीट, दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में किया समझौता

न्यूज़ विज़न।  नरही / बक्सर 
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरहीं थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी कोरंटाडीह के ग्राम सभा सिकंदरपुर में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। द्वारपूजा से पहले रास्ते में पटाखा छोड़ने को लेकर बाराती और घराती आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। हालांकि ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं, लेकिन भोर में एक बार फिर विवाद भड़क गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।

 

जानकारी के अनुसार, बिहार के बक्सर प्रखंड क्षेत्र के रामजियावन गंज से सुरेश चौधरी के घर बारात आई थी। द्वारपूजा के लिए जाते समय बाराती रास्ते में पटाखे छोड़ रहे थे। इस पर लड़की पक्ष के लोगों ने उन्हें रास्ते में पटाखे छोड़ने से मना करते हुए कहा कि घर के दरवाजे पर पहुंचने के बाद जितने पटाखे छोड़ने हों, छोड़ सकते हैं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई और बाद में दोनों ओर से ईंट-पत्थर भी चलने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद विवाह की सभी रस्में संपन्न कराई गईं। हालांकि मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ और शनिवार की भोर में दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट हो गई। इस दौरान दूल्हे के भाई छोटक कुमार, पिता बलिराम चौधरी, निवासी रामजियावन गंज (बक्सर) के सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं दूल्हे के रिश्तेदार मंटू कुमार, पिता खीरालाल चौधरी, निवासी मुकुंदपुर, थाना सिमरी (बक्सर) भी घायल हो गए।

 

घायलों में छोटक कुमार का इलाज सदर अस्पताल बक्सर में कराया गया, जबकि मंटू कुमार का उपचार स्थानीय चिकित्सक के यहां कराया गया। घटना के बाद शनिवार सुबह लड़का पक्ष के लोग पुलिस चौकी कोरंटाडीह पहुंचे। वहां चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा तथा स्थानीय ग्रामीणों के प्रयास से दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर लिया गया। नरहीं थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह ने बताया कि बाराती और घराती के बीच आपसी विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में आपसी रजामंदी से समझौता कर लिया है, इसलिए किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button