OTHERS

ओलंपिक दिवस पर चला हरित क्रांति अभियान, खिलाड़ियों और युवाओं ने किया पौधरोपण

इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के 2026 पौधरोपण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और खेल भावना का दिया गया संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
ओलंपिक दिवस के अवसर पर इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे वर्ष 2026 के पौधरोपण अभियान के तहत बक्सर जिले में एक भव्य पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा बक्सर हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (एनजीओ) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण अभियान से हुई, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता, युवा सशक्तिकरण एवं खेल प्रेरणा से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व, स्वच्छ जीवनशैली तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार एवं सचिव संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि ओलंपिक आंदोलन केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मानव कल्याण और सकारात्मक सामाजिक बदलाव के मूल्यों को भी आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

 

उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि खेल के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। यदि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएगी तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ – एक जीवन, स्वस्थ शरीर – स्वस्थ समाज” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का भी संकल्प लेते हुए भविष्य में ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की बात कही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बक्सर हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक अजीत कुमार सिंह, एनजीओ प्रशिक्षु निखिल कुमार सिंह, बॉक्सिंग कोच ज्योति जी, ताइक्वांडो सदस्य शैलेश कुमार, सचिव, रंजन कुमार एवं रूपेश कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों ने इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान न केवल हरित वातावरण के निर्माण में सहायक हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, खेल और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button