OTHERS

भरत तिवारी को दी गयी श्रद्धांजलि, निष्पक्ष जांच की मांग तेज

युवा शक्ति सेवा संस्थान की सभा में उठी न्याय की आवाज, वक्ताओं ने कहा- सच्चाई सामने लाए प्रशासन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
युवा शक्ति सेवा संस्थान के तत्वावधान में दिव्यांग भवन, बक्सर में भरत तिवारी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

 

कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें उपस्थित लोगों ने भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने भरत तिवारी की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। संस्थान के अध्यक्ष रामजी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भरत तिवारी की मौत को पुलिस मुठभेड़ बताना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पुलिस द्वारा की गई हत्या प्रतीत होती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय और कानून का शासन कायम रखना है तो इस मामले की सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

सभा को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि किसी भी नागरिक को न्यायिक प्रक्रिया से वंचित नहीं किया जा सकता। कानून का पालन करते हुए हर व्यक्ति को निष्पक्ष सुनवाई और न्याय मिलने का अधिकार है। उन्होंने भरत तिवारी प्रकरण में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद होती रहेगी। श्रद्धांजलि सभा में आशुतोष दुबे, जितेंद्र ठाकुर, श्याम जी वर्मा, प्रमोद केशरी, राकेश दुबे, कन्हैया यादव, रवि केशरी, टी.के. सर, जितेंद्र जी, प्रिन्स इदरीसी, दिलीप राम, अभय पासवान, डॉ. जी कुमारी, रीना शर्मा, फिरोज, कृष्ण केशरी, पप्पू जायसवाल, राजू पांडेय, त्रिभुवन ओझा, गोपाल राय, चन्दन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button