OTHERS

सोनवर्षा की बेटी मधु बनीं राजस्व अधिकारी, बीपीएससी 70वीं परीक्षा में 764वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

प्रथम प्रयास में मिली सफलता, 7-8 घंटे की सेल्फ स्टडी और दृढ़ संकल्प ने दिलाई बड़ी कामयाबी; गांव में जश्न का माहौल

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा गांव की बेटी मधु कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 764वीं रैंक प्राप्त कर राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों द्वारा मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया जा रहा है।

 

मधु कुमारी वरिष्ठ पत्रकार मिथिलेश मिश्रा एवं गृहिणी मीरा देवी की पुत्री हैं। मधु की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। मधु के बड़े भाई अमित मिश्रा, जो बक्सर के वैष्णवी ग्रुप के चेयरमैन प्रदीप राय के निजी सहायक हैं, ने बताया कि मधु ने अपने प्रथम प्रयास में ही बीपीएससी 70वीं परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्होंने यह भी बताया कि मधु ने बीपीएससी 71वीं परीक्षा भी दी है और उसके परिणाम का इंतजार है। शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो मधु शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में माउंट कार्मेल स्कूल, हजारीबाग से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद संत जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की तथा लक्ष्मीबाई कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।स्नातक के बाद उन्होंने पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। मधु प्रतिदिन 7 से 8 घंटे तक सेल्फ स्टडी कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ती रहीं। उनकी इसी निरंतर मेहनत और समर्पण का परिणाम आज सफलता के रूप में सामने आया है।

 

अपनी सफलता पर मधु कुमारी ने कहा कि इसका पूरा श्रेय उनके माता-पिता और परिवार के सदस्यों को जाता है, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य एक ईमानदार और जनहितैषी अधिकारी बनकर लोक सेवा करना है। युवाओं के लिए प्रेरणादायक संदेश देते हुए मधु ने कहा कि “मेहनत करते रहिए, सफलता देर-सबेर जरूर मिलती है। असफलताओं से घबराने के बजाय लगातार प्रयास करना चाहिए।”

मधु की सफलता से सोनवर्षा गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं। इस अवसर पर उनके बड़े पापा कमलेश्वर मिश्रा, बड़ी मां रूबी देवी, भाई अंशु मिश्रा समेत परिवार के सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मधु कुमारी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button