संघर्ष से सफलता तक का सफर: बक्सर के प्रतीक कुमार बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, जिले का बढ़ाया मान
70वीं बीपीएससी में सफलता हासिल कर बने स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर, नया बाजार स्थित आवास पर शिक्षकों व गणमान्य लोगों ने किया भव्य स्वागत एवं सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कठिन परिस्थितियों और संघर्षों को मात देकर बक्सर के युवा प्रतीक कुमार ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 70वीं बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे शिक्षक समाज सहित जिले में खुशी की लहर है।
प्रतीक कुमार, मध्य विद्यालय इंदौर के प्रधानाध्यापक रमेश चंद्र राम के पुत्र हैं। उन्होंने बताया कि उनका बचपन काफी संघर्षपूर्ण रहा। बचपन में ही उनकी माता का निधन हो गया, जिससे जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहे। प्रतीक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बक्सर में ही प्राप्त की। उन्होंने वर्ष 2016 में सेंट मैरी स्कूल, नया बाजार से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2018 में एमवी कॉलेज, बक्सर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय का रुख किया, जहां से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के साथ ही सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी।
कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने 70वीं बीपीएससी की कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर का पद हासिल किया। प्रतीक ने बताया कि उन्होंने 71वीं बीपीएससी की मुख्य परीक्षा भी दी है और उनका अंतिम लक्ष्य बिहार प्रशासनिक सेवा में जाकर राज्य एवं समाज की सेवा करना है। प्रतीक कुमार की इस उपलब्धि पर प्राथमिक शिक्षक संघ, गोप गुट मूल के जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं समाज के विभिन्न गणमान्य लोगों ने उनके नया बाजार स्थित आवास पर पहुंचकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें बुके, फूल-माला और शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में सत्यशोधक संस्था के अध्यक्ष शिव प्रसाद कुशवाहा, प्रधानाध्यापक धर्मदेव सिंह, विनोद कुमार सिंह, शाहिद अली, अनुग्रह नारायण, मुकेश कुमार, दीपक प्रकाश भारती, प्रीतम कुमार, बबन राम तथा रामनरेश राम सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रतीक कुमार की सफलता पूरे शिक्षक समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में प्राप्त यह उपलब्धि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रतीक एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतीक कुमार की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी बाधा सफलता के मार्ग में रुकावट नहीं बन सकती। आज उनकी उपलब्धि बक्सर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।





