विश्व रक्तदाता दिवस से पहले बक्सर अलकनंदा हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर, 15 रक्तवीरों ने किया रक्तदान
'वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स' के संदेश के साथ युवाओं को किया जागरूक, डॉक्टरों ने बताया रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में 12 जून को अलकनंदा हॉस्पिटल गैस्ट्रो एंड गायनो, बाजार समिति रोड, बक्सर में माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर एवं ब्लड बक्सर के सहयोग से महादान शिविर एवं रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
शिविर का शुभारंभ अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार चतुर्वेदी और डॉ. वेद प्रकाश राय ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर अंकुर गोयल, प्रेम राय, शहजाद आलम, ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका, प्रियेश, नसीम नायक एवं आदिल खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
15 रक्तदाताओं ने किया महादान
रक्तदान शिविर में एक रक्त वीरांगना मनीसा सहित कुल 15 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इनमें मोहम्मद जावेद, मोहम्मद शाहिद, सुनील पाण्ड्य, दीपक कुमार, मोहम्मद बिस्मिल्लाह अंसारी, अभिषेक राय, संदीप राय, कैलाश उपाध्याय, सतीश कुमार श्रीवास्तव, शाश्वत यादव, आशुतोष राय और धनजी राय समेत अन्य रक्तदाता शामिल रहे।
रक्तदान से होते हैं कई स्वास्थ्य लाभ : डॉ. प्रशांत कुमार चतुर्वेदी
अस्पताल के निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि रक्तदान केवल दूसरों के लिए जीवनदान नहीं है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। नियमित रक्तदान से नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कुछ प्रकार के कैंसर का जोखिम कम हो सकता है तथा शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से पहले रक्तचाप, नाड़ी, तापमान और हीमोग्लोबिन की जांच की जाती है। साथ ही एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस जैसी संक्रमण संबंधी जांच भी निःशुल्क की जाती है। इस प्रकार वर्ष में एक या दो बार रक्तदान करने से व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी भी मिलती रहती है।
एक यूनिट रक्त किसी के लिए बन सकता है जीवन रेखा : डॉ. वेद प्रकाश राय
डॉ. वेद प्रकाश राय ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज की जान बचा सकता है और चिकित्सा उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बढ़ती रक्त की मांग को देखते हुए “शुभारंभ – नई सोच, नई परंपरा” अभियान को अपनाने का आह्वान किया, ताकि लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर रक्तदान की परंपरा शुरू करें और ब्लड बैंकों में रक्त की कमी को दूर किया जा सके।
हर माह चलेगा रक्तदान अभियान
ब्लड बक्सर के सुमित मानसिंहका ने बताया कि यह जून माह का पहला रक्तदान शिविर था। इच्छुक युवा-युवतियां 8804433322 पर कॉल कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। संस्था प्रत्येक माह रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने बताया कि यह शिविर भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित “नेशन वाइड मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव” का हिस्सा था, जिसका स्लोगन है “वन ड्रॉप ऑफ ह्यूमैनिटी, गिव ब्लड, सेव लाइव्स”।
रक्तदाताओं का किया गया सम्मान
माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर के संतोष चौबे ने अस्पताल प्रबंधन, सभी रक्तवीरों-रक्तवीरांगनाओं तथा ब्लड बक्सर की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान अलकनंदा हॉस्पिटल गैस्ट्रो एंड गायनो की ओर से सभी रक्तदाताओं को मोमेंटो तथा माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर को सफल बनाने में अलकनंदा हॉस्पिटल गैस्ट्रो एंड गायनो के सभी स्टाफ एवं माँ तपेश्वरी देवी ब्लड सेंटर की टीम का विशेष योगदान रहा।





