OTHERS

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि, जल-जंगल-जमीन संरक्षण का लिया संकल्प

इस्माइलपुर में समाजसेवी एवं शिक्षक रामकेश्वर खरवार के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और युवाओं ने बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी समाज के गौरव धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर मंगलवार, 9 जून को इस्माइलपुर स्थित प्रख्यात समाजसेवी एवं शिक्षक रामकेश्वर खरवार के आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में युवा जदयू जिला उपाध्यक्ष मारकंडेय पटेल, प्रोफेसर चंदन खरवार, प्रोफेसर जितेंद्र यादव, प्रोफेसर हरिकेश्वर खरवार तथा शिक्षक संतोष खरवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर युवा जदयू जिला उपाध्यक्ष मारकंडेय पटेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की शोषणकारी और दमनकारी नीतियों के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनका संघर्ष सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं प्रोफेसर चंदन खरवार ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित था। उनके शहादत दिवस पर प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प ले और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।

 

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिससे समाज और राष्ट्र दोनों का समग्र विकास संभव हो सकेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अंकित खरवार, दिव्यांशु खरवार, रघुकुल नंदन, आनंद खरवार, आयुष खरवार, मणिकर्णिका सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज की उन्नति तथा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button