संगरॉव-मंगरॉव में मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का भव्य स्वागत, बुद्ध विहार से दिया विकास और विश्व शांति का संदेश
राजपुर प्रखंड दौरे पर पहुंचे योजना एवं विकास मंत्री ने भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना की, सांख्यिकी स्वयंसेवकों ने रोजगार समायोजन की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत संगरॉव एवं मंगरॉव गांव में रविवार को बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का भव्य स्वागत किया गया। उनके आगमन पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं जदयू कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया। मंत्री के दौरे को लेकर दोनों गांवों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंत्री सबसे पहले संगरॉव गांव पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह विद्रोही ने की, जबकि मंच संचालन सचिन पांडेय ने किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय समस्याओं और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी मंत्री के समक्ष रखा। इसके बाद मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा मंगरॉव स्थित सम्राट अशोक बुद्ध विहार परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्री ने बुद्ध विहार परिसर का गहन निरीक्षण भी किया तथा इसके सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व युद्ध, हिंसा और अशांति जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे दौर में भगवान बुद्ध के विचार, उनके सिद्धांत और अहिंसा का संदेश पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए बुद्ध के बताए मार्ग को अपनाना आवश्यक है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार जैसे क्षेत्रों में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ जल्द ही लोगों को और व्यापक रूप से दिखाई देगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने कहा कि सम्राट अशोक ने भगवान बुद्ध के विचारों और संदेशों को दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि आज भी समाज और राष्ट्र के विकास के लिए बुद्ध के विचारों को आत्मसात करना जरूरी है। सरकार महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस दौरान मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधियों ने भी मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा। संघ की ओर से विनोद कुमार कुशवाहा ने बताया कि पैनल रद्द होने के बाद पिछले लगभग दस वर्षों से सैकड़ों स्वयंसेवक बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। स्वयंसेवकों ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक समायोजन कर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम में जदयू प्रदेश नेता धीरज कुशवाहा, पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, वरिष्ठ राजनेता संजय सिंह, दीनदयाल कुशवाहा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष फुटुचंद सिंह, मनोज त्रिगुण प्रेम मिश्रा, विपिन पांडेय, दिलीप पांडेय, पृथ्वीनाथ पाण्डेय, दिवाकर पांडेय, ओमप्रकाश यादव, संजीत राय, पवन, पंकज, रवि, दीपक, राधेश्याम सिंह, डॉ. अभय सिंह, डॉ. लक्ष्मण सिंह एवं रिंकू सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, बुद्ध विहार समिति के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम न केवल क्षेत्रीय विकास और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला रहा, बल्कि भगवान बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने का भी महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।





