ACCIDENT

एनएच-319 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से किसान की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सोनवर्षा थाना क्षेत्र के कड़सर गांव के समीप हुई घटना, मृतक की पहचान धीरेंद्र रवानी के रूप में; एनएच पर लंबा जाम, पुलिस मौके पर पहुंची

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के सोनवर्षा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-मोहनिया मुख्य मार्ग (एनएच-319) पर कड़सर गांव के समीप शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से किसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-319 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

 

मृतक की पहचान कड़सर गांव निवासी धीरेंद्र रवानी के रूप में की गई है। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार धीरेंद्र रवानी गेहूं पिसवाने के लिए मिल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के समय तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-319 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

सूचना मिलने पर सोनवर्षा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। घटना की पुष्टि करते हुए सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि कड़सर गांव निवासी एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button