गंगा स्नान के दौरान अर्जुनपुर घाट पर 16 वर्षीय डूबा, तलाश जारी
दोस्तों के साथ नहाने गया था अक्छित उर्फ छोटू, सूचना मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गंगा घाट पर शनिवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर के डूबने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय लोगों की भीड़ घाट पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी जितेंद्र राय का 16 वर्षीय पुत्र अक्षित राय उर्फ छोटू अपने दोस्तों के साथ सुबह गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों को सूचना देकर किशोर की तलाश शुरू करा दी है। अब तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका था और खोज अभियान लगातार जारी था।
इधर, बेटे के डूबने की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी घाट पर मौजूद रहकर खोज अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से गंगा में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके। औद्योगिक थानाध्यक्ष ने बताया कि गोताखोर एवं एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है तलाश जारी है।





