OTHERS

गगौरा अग्निकांड पीड़ितों के बीच रेड क्रॉस ने बांटी राहत सामग्री, लोगों को किया जागरूक

दलसागर पंचायत के गगौरा गांव में आग से प्रभावित परिवारों को मिला बर्तन, तिरपाल, बाल्टी व खाद्य सामग्री का सहयोग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के दलसागर पंचायत अंतर्गत गगौरा गांव में आग लगने की घटना से प्रभावित परिवारों के बीच बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी बक्सर की ओर से राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान पीड़ित परिवारों को बर्तन, तिरपाल, बाल्टी एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।

 

राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी बक्सर के सचिव डॉ. श्रवण कुमार तिवारी ने ग्रामीणों को आग से बचाव एवं गर्मी के मौसम में सतर्क रहने को लेकर जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि सुबह के समय ही खाना बना लें तथा खाना बनाने के बाद चूल्हे में जल रही आग को पानी डालकर पूरी तरह बुझा दें। साथ ही उन्होंने घरों में बाल्टी में पानी भरकर रखने, तेज हवा चलने के समय खाना नहीं बनाने तथा छोटे बच्चों को लगातार पानी पिलाते रहने की सलाह दी।

 

वहीं आपदा प्रभारी राजीव सिंह ने भी ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि धूम्रपान करने के बाद जलती हुई वस्तुओं को इधर-उधर नहीं फेंकें। उन्होंने लोगों से समय सीमा से पहले भोजन तैयार कर लेने, गैस सिलेंडर के उपयोग के बाद रेगुलेटर को नीचे से बंद करने तथा भीषण लू के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। इस मौके पर रेड क्रॉस के सहायक अवधेश जी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। राहत सामग्री प्राप्त करने वाले पीड़ित परिवारों में मिथलेश राम, जितेंद्र कुमार राम, राजमति देवी एवं सुखारी राम शामिल हैं। ग्रामीणों ने रेड क्रॉस सोसाइटी बक्सर के इस मानवीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपदा की घड़ी में मिली यह सहायता उनके लिए काफी सहारा साबित होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button