राष्ट्रीय खो-खो में चमकी फाउंडेशन स्कूल की सोनम मौर्य को डीएम ने किया सम्मानित
U-14 नेशनल गेम्स में शानदार प्रदर्शन, फाउंडेशन स्कूल के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान एम०पी० उच्च विद्यालय, बक्सर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खो-खो खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर U-14 खो-खो नेशनल गेम्स एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली फाउंडेशन स्कूल की छात्रा सोनम मौर्य को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। डीएम ने सोनम सहित सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दरअसल, शहर के इटाढ़ी रोड स्थित गुरुदास मठिया के फाउंडेशन स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे बक्सर जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए फरवरी माह में आयोजित राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और छात्रों में खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा सोनम मौर्य का चयन U-14 बालिका वर्ग की बिहार खो-खो टीम में हुआ था। उन्होंने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनकी इस सफलता के पीछे विद्यालय के कोच इमरान खान, सुनील तिवारी एवं सरदार सिंह की मेहनत और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को जिला, प्रमंडलीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए कड़ी मेहनत के साथ तैयार किया।
सोनम मौर्य के सम्मानित होने पर फाउंडेशन स्कूल के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। फाउंडेशन स्कूल लगातार विद्यार्थियों को उचित मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बक्सर जैसे छोटे शहर से निकलकर बच्चों का राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा की बात है। फाउंडेशन स्कूल की यह सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।





